काझा पंचायत की समस्याओं को लेकर जनप्रतिनिधियों ने BDO को सौंपा ज्ञापन, कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

केनगर (पूर्णिया)। केनगर प्रखंड की काझा पंचायत में व्याप्त विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) मनीष कुमार को लिखित आवेदन सौंपकर शीघ्र समाधान की मांग की है। आवेदन में स्वास्थ्य, बिजली और बैंकिंग सेवाओं से जुड़ी कई गंभीर समस्याओं को उठाया गया है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीण आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

20 सूत्री उपाध्यक्ष सह भाजपा मंडल अध्यक्ष आदर्श कुमार उर्फ गोलू तथा वार्ड सदस्य प्रतिनिधि सह भाजपा महामंत्री ओमप्रकाश मंडल के नेतृत्व में दिए गए आवेदन में कहा गया है कि काझा पंचायत के अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र में आज तक शौचालय और शुद्ध पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गई हैं। प्रतिदिन इलाज कराने आने वाले मरीजों, विशेषकर गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। प्यास लगने पर मरीजों को बोतलबंद पानी खरीदना पड़ता है या आसपास के घरों से पानी मांगना पड़ता है। कई मरीज सुविधाओं के अभाव में पूरा इलाज कराए बिना ही वापस लौटने को मजबूर हो जाते हैं।

आवेदन में सोनगढ़ा मौजा की बिजली समस्या का भी उल्लेख किया गया है। जनप्रतिनिधियों का कहना है कि करीब पांच वर्ष पहले बिजली के खंभे लगाए गए थे, लेकिन आज तक उन पर तार नहीं खींचे गए। इससे सैकड़ों किसान बिजली सुविधा से वंचित हैं। किसानों का आरोप है कि विभागीय उदासीनता एवं कथित रिश्वतखोरी के कारण कार्य अधूरा पड़ा है, जिससे समय पर पटवन नहीं हो पा रहा और खेती प्रभावित हो रही है।

इसके अलावा भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की काझा शाखा के कर्मियों रंजन कुमार सिंह एवं विकास कुमार पर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। आवेदन के अनुसार, केवाईसी के नाम पर 60 से 75 वर्ष तक के बुजुर्ग ग्राहकों के साथ अभद्र व्यवहार किया जाता है तथा उन्हें सप्ताह में तीन-चार दिन तक बैंक के चक्कर लगाने को मजबूर किया जाता है। आरोप है कि बुजुर्गों को बैंक से बाहर निकाल दिया जाता है और शाखा प्रबंधक भी इस मामले में कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।

इन समस्याओं को लेकर पंचायत के जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि यदि संबंधित विभागों द्वारा शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो पंचायत स्तर पर व्यापक जनआंदोलन शुरू किया जाएगा।

इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि तीनों विभागों से संबंधित शिकायतों का आवेदन प्राप्त हो गया है। आवश्यक कार्रवाई के लिए आवेदन संबंधित विभागों को भेज दिया गया है तथा नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने