सर्वर ठप होने से तीन दिनों से राशन वितरण प्रभावित, लाभार्थी और पीडीएस दुकानदार परेशान

केनगर (पूर्णिया)। केनगर प्रखंड क्षेत्र एवं नगर पंचायत चम्पानगर सहित कुल 18 पंचायतों में जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) के दुकानों पर पिछले तीन दिनों से राशन वितरण का कार्य सर्वर की तकनीकी समस्या के कारण प्रभावित है। ऑनलाइन पर्ची नहीं कटने से बड़ी संख्या में लाभार्थियों को बिना राशन लिए वापस लौटना पड़ रहा है। वहीं, इस समस्या से पीडीएस दुकानदार भी खासे परेशान और आक्रोशित हैं।

जानकारी के अनुसार अगस्त माह के राशन वितरण की शुरुआत 3 अगस्त से होनी थी। इसके लिए लाभार्थी प्रतिदिन राशन दुकानों पर पहुंच रहे हैं, लेकिन ई-पॉस मशीन पर अंगूठे का सत्यापन (फिंगरप्रिंट) कराने के दौरान सर्वर लगातार डाउन रहने से ऑनलाइन पर्ची नहीं बन पा रही है। इसके कारण राशन वितरण पूरी तरह बाधित हो गया है।

डीलर एसोसिएशन संघ के जिला महासचिव रमेश कुमार पोद्दार ने बताया कि सर्वर की खराबी केवल एक-दो दुकानों तक सीमित नहीं है, बल्कि केनगर प्रखंड और नगर पंचायत चम्पानगर क्षेत्र के लगभग सभी जन वितरण प्रणाली दुकानों पर यही स्थिति बनी हुई है। उन्होंने कहा कि तकनीकी समस्या के कारण दुकानदार चाहकर भी लाभार्थियों को राशन उपलब्ध नहीं करा पा रहे हैं।

इधर राशन लेने पहुंचे लाभार्थियों का कहना है कि वे लगातार तीन दिनों से दुकानों का चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन हर बार सर्वर डाउन होने की बात कहकर वापस भेज दिया जाता है। इससे उन्हें अनावश्यक आर्थिक और मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर लाभार्थियों ने नाराजगी जताते हुए दुकानदारों से भी तीखी बहस की।

लाभार्थियों और पीडीएस दुकानदारों ने सरकार एवं संबंधित विभाग से मांग की है कि सर्वर की तकनीकी समस्या का शीघ्र समाधान कराया जाए, ताकि अगस्त माह का राशन समय पर वितरित हो सके और लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने