केनगर (पूर्णिया)। शनिवार की देर रात बिहार सरकार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश केनगर प्रखंड क्षेत्र के जगनी पंचायत भवन परिसर पहुंचे। इसके बाद वे नगर पंचायत चम्पानगर के वार्ड संख्या-3 स्थित प्राणपट्टी चंडीराय टोला में राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) के प्रखंड अध्यक्ष अनिल कुमार सिंह कुशवाहा के आवास पर पहुंचे। मंत्री के आगमन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय ग्रामीणों में काफी उत्साह देखने को मिला।
मंत्री दीपक प्रकाश के साथ पार्टी के जिलाध्यक्ष राजेंद्र यादव, कटिहार जिलाध्यक्ष सहित अन्य पार्टी नेता एवं कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। जगनी पंचायत भवन के समीप मंत्री के पहुंचने पर स्थानीय ग्रामीणों ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान कदम लाल मेहता, पारसमणि, किशोर मेहता, प्रकाश मेहता, अजय मेहता, सेवानिवृत्त शिक्षक विद्यानंद मेहता, मणि मेहता सहित अन्य ग्रामीणों ने मंत्री को फूलमाला एवं बुके भेंट कर सम्मानित किया।
मंत्री के काफिले के पहुंचते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं पार्टी कार्यकर्ता वहां जुट गए। दर्जनों वाहनों के साथ पहुंचे मंत्री के काफिले का भी लोगों ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया। देर रात तक चले इस स्वागत कार्यक्रम के कारण जगनी पंचायत भवन परिसर का माहौल काफी उत्सवी नजर आया और पूरा दृश्य मेले जैसा प्रतीत हो रहा था।
इसके बाद प्राणपट्टी चंडीराय टोला स्थित पार्टी प्रखंड अध्यक्ष अनिल कुमार सिंह कुशवाहा के आवास पर आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों ने मंत्री दीपक प्रकाश तथा उनके साथ आए पार्टी नेताओं को अंगवस्त्र, फूलमाला एवं बुके देकर सम्मानित किया।
सरकार के विकास कार्यों को मंत्री ने गिनाया
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि केंद्र एवं बिहार की सरकार तेज गति से विकास की दिशा में आगे बढ़ रही है। सरकार की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में किए जा रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि गांवों तक विकास की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है।
मंत्री ने उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों से सरकार की योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने तथा विकास कार्यों में सहयोग करने की अपील भी की।
ग्रामीणों ने सौंपे लिखित आवेदन
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से मंत्री को अवगत कराया। लोगों ने अपनी समस्याओं को लेकर मंत्री को लिखित आवेदन भी सौंपे। मंत्री ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित मामलों के समाधान का भरोसा दिलाया।
उन्होंने कहा कि लोगों द्वारा उठाई गई समस्याओं को संबंधित स्तर पर देखा जाएगा और यथासंभव जल्द समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में मंत्री दीपक प्रकाश ने पार्टी कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों के साथ भोजन ग्रहण किया। इसके बाद वे अपने काफिले के साथ वहां से प्रस्थान कर गए।
मंत्री के देर रात जगनी और प्राणपट्टी आगमन को लेकर क्षेत्र में काफी देर तक राजनीतिक एवं सामाजिक गतिविधियां बनी रहीं। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों की मौजूदगी के कारण कार्यक्रम चर्चा का विषय बना रहा।