खगड़िया में अमीन को मारी गोली, नालंदा में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट, हथियार लहराते वीडियो वायरल

बिहार में एनडीए की सरकार है। डबल इंजन की सरकार में अपराधी बेलगाम हो गये हैं। यही कारण है कि अपराधी एक के बाद एक अपराधिक वारदातों को बेखौफ अंजाम दे रहे हैं और पुलिस को चुनौती देने का काम कर रहे हैं। इस वक्त की बड़ी खबर खगड़िया से आ रही है जहां बेखौफ बदमाशों ने अमीन को गोली मार दी है।
घायल अमीन शंभू को आनन-फानन में सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना मोरकाही थाना क्षेत्र के सबलपुर गांव की है जहां इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गयी। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है। वही नालंदा में हथियार लहराते युवक का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो हिलसा थाना क्षेत्र के दयालपुर का बताया जा रहा है। हालांकि इस वायरल वीडियो की पुष्टि फर्स्ट बिहार नहीं करता है। 
बताया जाता है कि शुक्रवार की सुबह दयालपुर गांव में भूमि विवाद को लेकर दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हुई थी। जिसमें तीन लोग घायल हो गये। विवाद के दौरान युवक हथियार लहराने लगा। वायरल वीडियो में दिख रहा है कि पहले दो पक्षों के बीच कहासुनी हुई फिर एक युवक हाथ मे पिस्तौल लेकर आया और गाली-गलौज करने लगा। 
हालांकि वहां मौजूद कुछ महिलाओं ने तुरंत उसके पकड़कर अलग कर दिया लेकिन किसी ने छुपकर इसके सारे करतूत को मोबाइल से वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। हिलसा के प्रभारी थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने हथियार लहराने का वीडियो वायरल होने के मामले में कहा कि यह मेरे संज्ञान में बात नहीं आई है जमीन का विवाद बताया जा रहा है। फिलहाल मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने