अपराधियों के आगे खुद को नतमस्तक कर चुकी है नीतीश सरकार : इरशाद पूर्णवी

वीआइपी प्रमुख मुकेश सहनी के पिता की हत्या पर युवा नेता ने नीतीश सरकार को घेरा।

 पूर्णिया । एक ओर जहां बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्य में सुशासन राज की दुहाई देते नहीं थकते वहीं दूसरी ओर राज्य में हर तरफ हत्या, लूट, अपहरण, बलात्कार जैसी घटनाएं अपने चरम सीमा पर है। इन सभी घटनाओं से बखूबी अनुमान लगाया जा सकता है कि राज्य में कानून व्यवस्था की क्या स्थिति है और नीतीश कुमार का सुशासनरुपी दावे की हकीकत कितनी हद तक सही है। उक्त बातें जन स्वराज पार्टी के संस्थापक सदस्य युवा नेता इरशाद पूर्णवी ने एक प्रेस बयान जारी कर कही है। उन्होंने कहा कि दरभंगा में मंगलवार की सुबह जिस तरह से वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी के पिता जीतन सहनी की उनके ही घर में नृशंस तरीके से हत्या की गई, उससे तो यही लगता है कि बिहार में कानून का नहीं बल्कि अपराधियों का राज है। यह घटना बिहार की कानून व्यवस्था पर प्रश्नचिन्ह खड़ी कर रही है। उन्होंने कहा कि बिहार में लगातार हत्या, लूट, दुष्कर्म की घटनाएं हो रही है। युवा नेता इरशाद पूर्णवी ने कहा कि बिहार में जब एक पूर्व मंत्री के परिवार में इस तरह नृशंस हत्या की घटना को अंजाम दिया गया है, तो आम जनता कैसे सुरक्षित होगी यह समझा जा सकता है। यह सिर्फ एक जिले की स्थिति नहीं है। बल्कि हर जिले में इसी तरह का नजारा देखने को मिल रहा है। सचिवालय से लेकर मुख्यमंत्री कार्यालय तक कोई सुरक्षित नहीं है। नीतीश सरकार में कानून व्यवस्था पूरी तरह खत्म हो चुकी है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपराधियों के आगे नतमस्तक हो चुके हैं। राज्य में पुलिस और कानून का डर अपराधियों के मन से पूरी तरह खत्म हो चुका है और वे सरेआम एक से बढकर एक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने प्रदेश में बढ़ते अपराध को लेकर राज्यपाल से मांग की है कि वह इस पर त्वरित संज्ञान लें और प्रदेश में कानून व्यवस्था को अपने हाथ में लेते हुए राष्ट्रपति शासन लागू करें। बिहार की जनता को अब नीतीश की अराजक सरकार पर विश्वास नहीं रहा है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने