केनगर: जनगणना 2027 को लेकर प्रगणकों का नौ दिवसीय प्रशिक्षण शिविर शुरू

केनगर प्रखंड मुख्यालय स्थित सद्भावना सभागार में भारत की जनगणना 2027 के तहत मकान सूचीकरण कार्य को लेकर 16 अप्रैल से 24 अप्रैल तक नौ दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इस प्रशिक्षण में प्रखंड क्षेत्र के सैकड़ों प्रगणक एवं पर्यवेक्षक भाग ले रहे हैं।

प्रशिक्षण कार्यक्रम को तीन चरणों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक चरण में तीन बैच बनाए गए हैं, जिनके माध्यम से करीब 180 प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसकी जानकारी प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) आशीष कुमार ने दी।

उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान प्रगणकों को मकान सूचीकरण, सर्वेक्षण एवं गणना की पूरी प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। जनगणना के तहत प्रगणक घर-घर जाकर कुल 33 बिंदुओं पर जानकारी एकत्र करेंगे। इसमें मकान संख्या, भवन की स्थिति (कच्चा/पक्का), भवन का उपयोग, पेयजल की उपलब्धता, प्रकाश का स्रोत, शौचालय की व्यवस्था, रसोईघर की स्थिति तथा घरेलू उपकरणों जैसे रेडियो, टेलीविजन, इंटरनेट, लैपटॉप, कंप्यूटर और मोबाइल आदि की उपलब्धता से जुड़ी जानकारी शामिल है।

इसके अलावा परिवार से संबंधित विवरण भी एकत्र किए जाएंगे, जिनमें परिवार के सदस्यों की संख्या, परिवार के मुखिया, सामाजिक वर्ग (अनुसूचित जाति/जनजाति) और वैवाहिक स्थिति जैसे महत्वपूर्ण बिंदु शामिल हैं।

बीडीओ ने बताया कि जनगणना का वास्तविक कार्य 2 मई से 31 मई तक किया जाएगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल आठ प्रशिक्षक शामिल हैं, जिनमें आशुतोष कुमार, युवराज कुंज प्रसाद, राजेश कुमार ठाकुर, धर्मेंद्र बासुकी, सुमन कुमार, रंजीत पासवान, महेश कुमार एवं रोजी कुमारी शामिल हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने