पूर्णिया: फसल क्षति का हुआ भौतिक सत्यापन, किसानों को मिलेगा शीघ्र मुआवजा

पूर्णिया जिले में कृषि विभाग एवं जिला प्रशासन किसानों के हितों की रक्षा और प्राकृतिक आपदाओं से हुई फसल क्षति की भरपाई को लेकर पूरी तरह सक्रिय है। इसी क्रम में 29 अप्रैल 2026 को जिला कृषि पदाधिकारी श्री हरिद्वार प्रसाद चौरसिया एवं सहायक निदेशक द्वारा धमदाहा प्रखंड के इटहरी पंचायत अंतर्गत प्रियंकर ग्राम में रबी मौसम 2025-26 के दौरान हुई फसल क्षति का स्थल निरीक्षण किया गया।
यह निरीक्षण कृषि इनपुट अनुदान योजना के तहत प्राप्त आवेदनों के भौतिक सत्यापन के उद्देश्य से किया गया। उल्लेखनीय है कि मार्च 2026 के तीसरे एवं चौथे सप्ताह में हुई असामयिक वर्षा, आँधी-तूफान एवं ओलावृष्टि के कारण क्षेत्र के किसानों की फसलें प्रभावित हुई थीं।

निरीक्षण के दौरान जिला कृषि पदाधिकारी ने प्रखंड कृषि पदाधिकारी, कृषि समन्वयकों तथा ATM/BTM को निर्देश दिया कि पोर्टल पर प्राप्त सभी आवेदनों का सत्यापन कार्य अविलंब पूरा किया जाए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि सत्यापन प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता बरती जाए और केवल उन्हीं आवेदनों को अग्रसारित किया जाए, जिनमें वास्तविक फसल क्षति पाई गई हो। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि कोई भी पात्र किसान लाभ से वंचित न रहे और किसी भी अपात्र को गलत तरीके से लाभ न मिले।

अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया गया कि आवेदनों की सूक्ष्म जांच कर उन्हें शीघ्र स्वीकृत या अस्वीकृत किया जाए, ताकि प्रभावित किसानों के बैंक खातों में मुआवजा राशि समय पर हस्तांतरित की जा सके।


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने