पूर्णिया जिले के केनगर थाना क्षेत्र में बुधवार रात एक मामूली घरेलू विवाद ने भयावह रूप ले लिया, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, केनगर थाना क्षेत्र के बनभाग चुनापुर पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या-9, चुनापुर महलदार टोला में रात करीब 9 बजे पति-पत्नी के बीच कहासुनी हो रही थी।
इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले चचेरे भाई ने हस्तक्षेप करते हुए लोहे की रॉड से पति पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद परिजनों ने घायल को तत्काल इलाज के लिए जीएमसीएच पूर्णिया भेजा, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान बर्ती महलदार के 42 वर्षीय पुत्र विमल महलदार के रूप में की गई है। मृतक के पुत्र पप्पू कुमार के अनुसार, माता-पिता के बीच मामूली विवाद हो रहा था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाली चचेरी चाची को गलतफहमी हो गई और विवाद बढ़कर मारपीट में बदल गया। आरोप है कि चचेरे चाचा विरेंद्र महलदार ने लोहे के सरिए से विमल महलदार के सिर और गर्दन पर कई बार वार किया। इसके बाद अन्य परिजन भी मारपीट में शामिल हो गए, जिसमें कुल 8-9 लोगों ने हमला किया।
गंभीर रूप से घायल विमल महलदार को ग्रामीणों की मदद से अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। गुरुवार सुबह पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। साथ ही सदर टू के एसडीपीओ राजेश कुमार और सीएफएस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। थानाध्यक्ष अजय कुमार अजनवी ने बताया कि मृतक के पुत्र के लिखित आवेदन पर विरेंद्र महलदार सहित 9 लोगों के खिलाफ कांड संख्या 113/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। सभी आरोपी फिलहाल फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। फिलहाल इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है, पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
Tags
अपराध