चम्पानगर में तेज आंधी का कहर, दर्जनों घर क्षतिग्रस्त, बिजली आपूर्ति ठप

केनगर (पूर्णिया)। नगर पंचायत चम्पानगर में बुधवार की रात आई तेज आंधी और बारिश ने व्यापक तबाही मचा दी। रात करीब 8 बजे अचानक तेज रफ्तार हवाओं ने इलाके को अपनी चपेट में ले लिया। तेज हवाओं के साथ शुरू हुई झमाझम बारिश ने हालात और भी बिगाड़ दिए। स्थानीय लोगों के अनुसार हवाओं की रफ्तार करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई थी।

आंधी इतनी भीषण थी कि वार्ड संख्या-8 स्थित थाना के पीछे श्याम विश्वास का टीन-फूस का छप्परनुमा घर पूरी तरह उड़ गया। वहीं थाना के समीप स्थित एक गुमटी दुकान भी तेज हवाओं की चपेट में आकर नष्ट हो गई। दूसरी ओर मृजापुर बहियार जाने वाले रास्ते में करीब डेढ़ दर्जन घर आंधी से क्षतिग्रस्त हो गए।

इसके अलावा केनगर कचहरी बलुआ मुख्य पथ पर जगनी से कुम्हरु कामत तक करीब एक किलोमीटर के दायरे में सड़क किनारे खड़े बड़े-बड़े पेड़ जड़ से उखड़ गए। कई जगहों पर बिजली के खंभे गिर गए और तार टूटकर सड़क पर लटकते रहे। इससे बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई और करीब 12 घंटे तक सड़क जाम की स्थिति बनी रही।

सड़क पर गिरे पेड़ों और बिजली के खंभों के कारण आवागमन ठप हो गया, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

इस संबंध में केनगर राजस्व अधिकारी सह प्रभारी अंचलाधिकारी भवेश कुमार सिंह ने बताया कि क्षति के आकलन के लिए अंचल अमीन को भेजा गया है। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में अब तक जांच नहीं हो सकी है, वहां शुक्रवार को जांच पूरी कर ली जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने