जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में चलाए गए इस अभियान के तहत पूर्णिया जिले में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-KISAN) के कुल 2,24,630 लाभार्थियों में से 1,00,363 किसानों का सफलतापूर्वक फार्मर रजिस्ट्री किया गया है, जो कुल का 44.7 प्रतिशत है। इस उपलब्धि के साथ पूर्णिया ने राज्य के शीर्ष जिलों में अपनी जगह बनाई है।
इसके अलावा, जिले में अब तक पीएम किसान सहित अन्य श्रेणी के किसानों को मिलाकर कुल 1,87,600 किसानों को फार्मर रजिस्ट्री के माध्यम से डिजिटल पहचान प्रदान की जा चुकी है। प्रशासन का मानना है कि आने वाले समय में फार्मर रजिस्ट्री सभी किसानों के लिए अनिवार्य हो जाएगी, जिससे कृषि विभाग की योजनाओं का लाभ पारदर्शी और सीधे किसानों तक पहुंच सकेगा।
फार्मर रजिस्ट्री के लिए किसानों के पास आधार कार्ड, आधार से जुड़ा मोबाइल नंबर और जमीन से संबंधित दस्तावेज होना आवश्यक है। इच्छुक किसान अपने क्षेत्र के हल्का कर्मचारी, किसान सलाहकार या कृषि समन्वयक से संपर्क कर फार्मर आईडी बनवा सकते हैं। इसके अलावा कॉमन सर्विस सेंटर (CSP) के माध्यम से भी यह प्रक्रिया लगातार जारी है।
इस उपलब्धि को जिले के लिए गर्व का विषय माना जा रहा है और इससे कृषि क्षेत्र में डिजिटल सशक्तिकरण को नई गति मिलने की उम्मीद है।