केनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत पूर्णिया-सहरसा मुख्य मार्ग स्थित एनएच-231 पर भोकरहा एवं इस्लामपुर चौक के बीच भोकरहा मोड़ के समीप शनिवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की उम्र लगभग 55 वर्ष बताई जा रही है।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि उक्त व्यक्ति पिछले दो दिनों से सड़क किनारे बैठा हुआ दिखाई दे रहा था। लोगों ने उसे मानसिक रूप से अस्वस्थ समझकर ज्यादा ध्यान नहीं दिया। शनिवार की सुबह केनगर पुलिस की गश्ती टीम को सड़क किनारे एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में पड़ा दिखाई दिया। पुलिस ने पास जाकर जांच की तो वह मृत पाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। हालांकि मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में उसकी पहचान कराने का प्रयास कर रही है।
केनगर थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया मृतक मानसिक रूप से विक्षिप्त प्रतीत हो रहा है, जो कहीं से भटक कर यहां पहुंचा होगा। संभवतः इसी दौरान उसकी मौत हो गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच पूर्णिया भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।