धमदाहा विधानसभा क्षेत्र की जेडीयू विधायक लेसी सिंह ने एक बार फिर मंत्री पद की शपथ लेकर नया राजनीतिक इतिहास रच दिया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की कैबिनेट में उन्हें आठवीं बार मंत्री बनने का अवसर मिला है। इस बार उन्हें भवन निर्माण मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
साल 2000 से चुनावी राजनीति में सक्रिय लेसी सिंह लगातार विधायक चुनी जाती रही हैं। धमदाहा क्षेत्र में उनकी पहचान एक मजबूत और जनप्रिय नेता के रूप में है। समर्थक उन्हें इलाके की “आयरन लेडी” के नाम से भी जानते हैं।
जदयू के जिला उपाध्यक्ष सह गोकुलपुर पंचायत के मुखिया नीरज कुमार मेहता, वरिष्ठ कार्यकर्ता सुनील मेहता, बीस सूत्री प्रखंड अध्यक्ष सुबोध मेहता, युवा नेता मंटू कुशवाहा, पूर्व प्रखंड अध्यक्ष उदय शुक्ला तथा वरिष्ठ नेता संतोष मिश्रा सहित कई कार्यकर्ताओं ने लेसी सिंह के मंत्री बनने पर खुशी जताई।
समर्थकों ने बुके देकर उनका सम्मान किया और सामूहिक रूप से हर्ष व्यक्त किया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि लेसी सिंह की सबसे बड़ी ताकत उनका सहज व्यवहार और जनता से जुड़ने का तरीका है। उन्होंने कभी खुद को सिर्फ विधायक या मंत्री तक सीमित नहीं रखा, बल्कि क्षेत्र में बहू और बेटी बनकर लोगों के बीच लगातार कार्य करती रही हैं।
पार्टी नेताओं का कहना है कि सामाजिक और जातीय समीकरणों से ऊपर उठकर जनता ने हमेशा उन्हें समर्थन दिया है। उन्होंने सभी वर्गों का विश्वास जीतते हुए हर घर से पारिवारिक रिश्ता कायम किया है। समर्थकों ने कहा कि उनका मृदु स्वभाव और लोगों के प्रति अपनापन ही उनकी राजनीतिक सफलता का सबसे बड़ा आधार रहा है।
Tags
न्यूज़