केनगर (पूर्णिया)। केनगर थाना क्षेत्र के काझा पंचायत स्थित कमलदाह बहियार में बड़ी नहर फाटक संख्या-18 के समीप मखाना खेत से एक लगभग 30 वर्षीय महिला का अर्धनग्न शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव नहर के पश्चिमी पहाड़ के पश्चिम स्थित मखाना खेत में संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार की सुबह करीब 11 बजे एक किसान मखाना खेत देखने पहुंचा था। इसी दौरान उसकी नजर खेत के आल पर पड़ी, जहां एक महिला का शव आधा जमीन पर और आधा पानी में पड़ा हुआ था। शव मिलने की सूचना तेजी से गांव में फैल गई, जिसके बाद ग्रामीणों ने इसकी जानकारी केनगर थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही केनगर थानाध्यक्ष अजय कुमार अजनबी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी।
थानाध्यक्ष अजय कुमार अजनबी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होता है। आशंका है कि महिला की हत्या करने के बाद शव को पहचान छिपाने और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से यहां लाकर फेंका गया है। उन्होंने बताया कि मृतका के बाएं हाथ पर “गोनर शर्मा” गुदा हुआ लिखा है, जिसके आधार पर उसकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल मृतका की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
वहीं काझा पंचायत के मुखिया राजेश कुमार साह ने बताया कि ग्रामीणों से सूचना मिलने के बाद वे घटनास्थल पर पहुंचे। शव की स्थिति को देखते हुए मामला काफी संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। उन्होंने आशंका जताई कि महिला के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या की गई हो सकती है। हालांकि, उन्होंने कहा कि घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
घटनास्थल पर पूर्व सरपंच मनोज ठाकुर, महेश यादव, समीर कुमार, वार्ड पंच मो० कफील, राजीव कुमार सहित मांझी टोला, बनियापट्टी और काझा कॉलोनी के सैकड़ों ग्रामीण मौजूद थे। घटना को लेकर पूरे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं तथा लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है।
पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और मृतका की पहचान के साथ-साथ घटना के पीछे की सच्चाई का पता लगाने में जुटी हुई है।
Tags
अपराध