पूर्णिया में बाल श्रम उन्मूलन को लेकर विशेष अभियान, 4 बाल श्रमिक मुक्त


पूर्णिया। बाल श्रम उन्मूलन दिवस के अवसर पर श्रम अधीक्षक श्री जगन्नाथ पासवान के मार्गदर्शन में गुरुवार को जिले भर में विशेष धावा दल अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत पूर्णिया जिला के सभी प्रखंडों में बाल श्रम उन्मूलन एवं विमुक्ति के लिए सघन कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान जिले के विभिन्न प्रतिष्ठानों के नियोजकों से बाल श्रम नहीं कराने संबंधी शपथ पत्र भरवाया गया और व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया गया। प्रचार-प्रसार के लिए संयुक्त श्रम भवन, पूर्णिया से जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

धावा दल की संयुक्त टीम ने विभिन्न दुकानों, होटलों, रेस्टोरेंट, ढाबों और गैरेजों में छापेमारी कर बाल श्रम के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की। इसी क्रम में रूपौली प्रखंड से कुल 4 बाल श्रमिकों को मुक्त कराया गया।

इस अभियान का नेतृत्व श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी श्री संजीव कुमार चौधरी (रूपौली, प्रभारी भवानीपुर) ने किया। टीम में श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी श्री पवन कुमार शर्मा (बनमनखी), श्री अमरनाथ यादव (डगरूआ), श्री कुमार गौरव (केनगर) सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे। साथ ही प्रयास जैक सोसाइटी के सदस्य श्री अवधेश कुमार, श्री शेखर तिर्की, शाहिद आलम एवं स्थानीय थाना की पुलिस बल ने भी सहयोग किया।

धावा दल द्वारा मुक्त कराए गए सभी 4 बाल श्रमिकों को बाल कल्याण समिति को सुपुर्द कर दिया गया है। साथ ही दोषी नियोजकों के विरुद्ध बाल श्रमिक एवं किशोर (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम, 1986 के तहत प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। प्रत्येक बाल श्रमिक के मामले में 20 हजार से 50 हजार रुपये तक का जुर्माना वसूला जाएगा।


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने