पूर्णिया में एलपीजी गैस की स्थिति सामान्य, पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध

पूर्णिया। जिले में एलपीजी गैस सिलेंडर की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। गुरुवार को विभिन्न गैस एजेंसियों द्वारा 9191 सिलेंडर उपभोक्ताओं को वितरित किए गए, जबकि एजेंसियों के गोदामों में अभी भी 17475 गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं।

अपर समाहर्ता सह जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्री रविशंकर उरांव ने बताया कि जिले में कुल 9604 उपभोक्ताओं द्वारा एलपीजी सिलेंडर की मांग की गई थी। नियमानुसार अधिकांश उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध करा दी गई है और शेष स्टॉक भी पर्याप्त मात्रा में मौजूद है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है तथा एजेंसियां नियमित रूप से होम डिलीवरी सेवा दे रही हैं।

उन्होंने जानकारी दी कि ग्रामीण क्षेत्रों में गैस आपूर्ति का चक्र लगभग 45 दिनों का निर्धारित है, जबकि शहरी क्षेत्रों में यह अवधि करीब 25 दिनों की है।

जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे घबराहट या अफवाहों में आकर अनावश्यक रूप से गैस की बुकिंग न करें और न ही एजेंसियों के काउंटर या गोदामों पर भीड़ लगाएं। सभी उपभोक्ताओं को पूर्व की तरह समय पर होम डिलीवरी की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

गैस आपूर्ति से संबंधित किसी भी शिकायत के लिए उपभोक्ता जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 06454-242319, 242317, 242320 पर संपर्क कर सकते हैं। प्रशासन द्वारा शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ही गैस बुकिंग करें।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने