केनगर: केनगर प्रखंड क्षेत्र के बिठनोली पूरब पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या-12 स्थित हटिया मछली पट्टी में बुधवार की रात्रि एक छप्परनुमा मुर्गा दुकान में अचानक आग लग जाने से दुकान में रखा मुर्गा समेत पूरा ढांचा जलकर राख हो गया। घटना में लगभग 50 हजार रुपये की संपत्ति के नुकसान की बात बताई जा रही है।जानकारी के अनुसार, दुकान में रखे मुर्गों को मच्छरों से बचाने के उद्देश्य से अलाव जलाया गया था। आशंका जताई जा रही है कि उसी अलाव की चिंगारी से बुधवार रात करीब 9 बजे छप्परनुमा दुकान में आग लग गई और देखते ही देखते आग ने पूरे दुकान को अपनी चपेट में ले लिया।पीड़ित दुकानदार परोरा पंचायत के वार्ड संख्या-02 स्थित कोठी घाट गांव निवासी मो० अय्यूब के पुत्र मो० दुलाल ने बताया कि प्रत्येक दिन की तरह वे दुकानदारी समाप्त करने के बाद शेष बचे मुर्गों को दुकान में रखकर घर चले गए थे। रात करीब 9 बजे स्थानीय लोगों ने मोबाइल के माध्यम से दुकान में आग लगने की सूचना दी। सूचना मिलते ही वे आनन-फानन में कोठी घाट से केनगर हटिया पहुंचे, लेकिन तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी।उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक दुकान में रखे करीब 10 हजार रुपये मूल्य के मुर्गे समेत पूरा छप्परनुमा घर जलकर राख हो चुका था।पीड़ित दुकानदार ने बताया कि इस अगलगी की घटना में लगभग 50 हजार रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। घटना के बाद उन्होंने प्रखंड प्रशासन से उचित मुआवजा देने की मांग की है। वहीं घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और लोग नुकसान का जायजा लेते नजर आए।
Tags
न्यूज़