केनगर प्रखंड क्षेत्र तथा नगर पंचायत चम्पानगर में गुरुवार को ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व शांति, भाईचारे और धार्मिक आस्था के साथ मनाया गया। सुबह से ही विभिन्न मस्जिदों और ईदगाहों में नमाजियों की भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने नए परिधानों में ईदगाह पहुंचकर विशेष नमाज अदा की और मुल्क में अमन-चैन, तरक्की एवं भाईचारे की दुआ मांगी।
केनगर थाना क्षेत्र के बनभाग, सबूतर, भोकराहा, परोरा, मोगल टोली, काझा, गनेशपुर, आदमपुर, बेगमपुर, झुंनी आदि स्थानों सहित चम्पानगर थाना क्षेत्र के रामपुर, मोगलाहा, हाट धनहरा, मोहम्मदपुर एवं चम्पानगर की मस्जिदों और ईदगाहों में सुबह करीब 8:00 बजे विशेष नमाज अदा की गई। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर बकरीद की मुबारकबाद दी। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में पर्व को लेकर खास उत्साह देखने को मिला।
बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। केनगर प्रखंड क्षेत्र में दंडाधिकारी के रूप में बीडीओ आशीष कुमार तथा केनगर थानाध्यक्ष अजय कुमार अजनबी पुलिस बल के साथ विभिन्न मस्जिदों एवं ईदगाहों का जायजा लेते रहे। वहीं चम्पानगर थाना क्षेत्र में दंडाधिकारी के रूप में सीओ दिवाकर कुमार एवं चम्पानगर थानाध्यक्ष अनुपम राज भी सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते दिखे।
प्रशासन द्वारा विभिन्न मस्जिदों और ईदगाहों के आसपास सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे, ताकि पर्व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके। इस दौरान पुलिस बल लगातार गश्त करती रही।
इस्लामिक धर्मगुरुओं के अनुसार नमाज के बाद मुस्लिम परिवारों ने सुन्नत-ए-इब्राहिमी पर अमल करते हुए कुर्बानी की रस्म अदा की। साथ ही जरूरतमंदों, गरीबों एवं रिश्तेदारों के बीच कुर्बानी का मांस (प्रसाद) वितरित किया गया। धार्मिक जानकारों ने बताया कि ईद-उल-अजहा त्याग, समर्पण और इंसानियत का संदेश देने वाला पर्व है। यह त्योहार हजरत इब्राहिम की कुर्बानी और अल्लाह के प्रति उनकी अटूट आस्था की याद दिलाता है।
Tags
न्यूज़