केनगर/पूर्णिया: गुरुवार को केनगर थाना पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए दो मामलों में कुल आठ लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में पूर्णिया भेज दिया। गिरफ्तार आरोपियों में एक पोक्सो एक्ट मामले का नामजद आरोपी है, जबकि सात लोग शराब के नशे में हंगामा करने के आरोप में पकड़े गए हैं।
थानाध्यक्ष अजय कुमार अजनवी ने बताया कि कांड संख्या-137/2026 के तहत पोक्सो एक्ट मामले में नामजद आरोपी सरसी थाना क्षेत्र के रिफ्यूजी कॉलोनी निवासी मो. रब्बानी के 21 वर्षीय पुत्र मो. आशिक को गोकुलपुर धरम कांटा के समीप से गिरफ्तार किया गया।
वहीं दूसरी ओर पुलिस ने शराब के नशे में हंगामा कर रहे सात लोगों को भी गिरफ्तार किया। इनमें बनभाग चुनापुर पंचायत के आदमपुर निवासी सुमन कुमार परिहार, कुणाल कुमार, बनभाग निवासी मो. जहांगीर, अमरनाथ ठाकुर, राजकिशोर साह, तथा मरंगा थाना क्षेत्र के गोआसी निवासी पिंटू कुमार और मजरा निवासी नवीन कुमार शामिल हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों का चिकित्सीय परीक्षण कराने के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उन्हें न्यायिक हिरासत में पूर्णिया भेज दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर सख्ती का संदेश गया है।