पूर्णिया/केनगर। प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत मोगलाहा मौजा में राजस्व विभाग द्वारा किश्तवार भूमि सर्वे कार्य शुरू कर दिया गया है। सर्वे कार्य प्रारंभ होते ही क्षेत्र के भू-धारकों एवं ग्रामीणों में अपनी जमीन के अभिलेखों को अद्यतन कराने को लेकर हलचल तेज हो गई है। विभागीय अधिकारियों की देखरेख में सर्वे अमीन एवं कर्मियों की टीम गांव पहुंचकर भूमि का सत्यापन, सीमांकन एवं अभिलेखों का मिलान कर रही है।
जानकारी के अनुसार किश्तवार सर्वे के माध्यम से जमीन की वास्तविक स्थिति, रकबा, खाता-खेसरा एवं स्वामित्व संबंधी विवरण का सत्यापन किया जाएगा। इससे भूमि विवादों के समाधान में सहायता मिलेगी तथा सरकारी अभिलेखों को अद्यतन किया जा सकेगा। सर्वे टीम द्वारा ग्रामीणों से जमीन संबंधी आवश्यक दस्तावेज जैसे खतियान, रसीद, केवाला एवं अन्य कागजात उपलब्ध कराने की अपील की गई है।
राजस्व विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सर्वे कार्य पूरी पारदर्शिता एवं सरकारी दिशा-निर्देशों के अनुसार किया जा रहा है। किसी भी प्रकार की त्रुटि या आपत्ति होने पर संबंधित व्यक्ति निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। अधिकारियों ने ग्रामीणों से सर्वे टीम को सहयोग करने तथा अफवाहों से बचने की अपील की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय बाद गांव में भूमि सर्वे शुरू होने से जमीन संबंधी कई पुराने विवादों के समाधान की उम्मीद जगी है। वहीं प्रशासन का मानना है कि सर्वे पूरा होने के बाद भूमि अभिलेख और अधिक स्पष्ट एवं व्यवस्थित हो जाएंगे। इस मौके पर पोठिया रामपुर पंचायत के सरपंच जावेद अशरफ, उपमुखिया मो० जावेद के साथ दर्जनों ग्रामीण उपस्थित थे।
Tags
न्यूज