केनगर। केनगर थाना क्षेत्र के झुन्नी चौक पर सोमवार दोपहर चलाए गए सघन वाहन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी। जांच के दौरान एक बाइक पर सवार दो युवकों को अवैध हथियार और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में एक पूर्व उप प्रमुख का पुत्र भी शामिल है, जो पहले भी कई बार जेल जा चुका है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार अपराह्न करीब 2:25 बजे केनगर पुलिस झुन्नी चौक के समीप वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक ‘अर्बन 5’ बाइक (BR11 BL 1924) पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर घबरा गए और भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस को संदेह होने पर जवानों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को घेराबंदी कर पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान बाइक की डिक्की से एक पिस्टल और छह जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इसके अलावा मौके से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। गिरफ्तार युवकों की पहचान बेला रिकाबगंज वार्ड संख्या-1 निवासी गौरव यादव, पिता पूर्व उप प्रमुख कुमोद यादव तथा जगेली निवासी ज्योति प्रकाश, पिता सुभाष चंद्र झा के रूप में हुई है।
केनगर थानाध्यक्ष अजय कुमार अजनबी ने बताया कि गिरफ्तार गौरव यादव का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ हत्या, छिनतई और आर्म्स एक्ट से जुड़े कई गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि गौरव इससे पूर्व चार बार विभिन्न मामलों में जेल जा चुका है और यह पांचवां अवसर है जब उसे आर्म्स एक्ट के तहत जेल भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार, दूसरे आरोपी ज्योति प्रकाश का अब तक कोई आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है, लेकिन घटना के समय वह गौरव के साथ सक्रिय रूप से मौजूद था। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि बरामद हथियार का इस्तेमाल किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए किया जाना था या नहीं।
फिलहाल दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।