जयमंगला गाँव में बारिश से सड़क पर जलजमाव, सरपंच की पहल पर ग्रामीणों ने श्रमदान कर निकाला पानी


केनगर प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत पोठिया रामपुर पंचायत के वार्ड संख्या-04 स्थित जयमंगला गाँव में लगातार हुई बारिश के कारण सड़क पर भारी जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। बताया जा रहा है कि रात करीब 2 बजे से शुरू हुई तेज बारिश के बाद मुख्य सड़क पर पानी जमा हो गया, जिससे ग्रामीणों को आवाजाही में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

जलजमाव के कारण राहगीरों, स्कूली बच्चों तथा स्थानीय लोगों को आने-जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। स्थिति गंभीर होने पर पंचायत के सरपंच जावेद अशरफ ने पहल करते हुए ग्रामीणों के सहयोग से सड़क पर जमा पानी की निकासी का कार्य शुरू कराया।


ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से करीब एक घंटे तक मशक्कत कर जल निकासी का रास्ता बनाया, जिसके बाद सड़क से पानी धीरे-धीरे निकल गया और लोगों को राहत मिली। इस दौरान ग्रामीणों का सहयोग सराहनीय रहा।

ग्रामीणों ने बताया कि हर वर्ष बारिश के मौसम में सड़क पर जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो जाती है, जिससे आवागमन बाधित होता है। स्थानीय लोगों ने सरपंच जावेद अशरफ के प्रयास की सराहना करते हुए प्रशासन से मांग की है कि सड़क किनारे स्थायी नाला निर्माण कराया जाए, ताकि भविष्य में जलजमाव की समस्या से स्थायी निजात मिल सके।


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने