ननिहाल की संपत्ति में हिस्सेदारी को लेकर महिला ने लगाई न्याय की गुहार


श्रीनगर/केनगर: श्रीनगर प्रखंड क्षेत्र के झुंनी कला पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या-12 निवासी रेखा देवी ने अपनी ननिहाल की पैतृक संपत्ति में मां के हिस्से की जमीन नहीं दिए जाने का आरोप लगाते हुए केनगर अंचलाधिकारी से न्याय की गुहार लगाई है। इस संबंध में उन्होंने लिखित आवेदन देकर उचित कार्रवाई की मांग की है।

रेखा देवी ने बताया कि उनके नाना स्वर्गीय अन्दू यादव की संपत्ति पर उनके मामाओं द्वारा कब्जा कर लिया गया है और उनकी मां के हिस्से की जमीन देने से इंकार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उनके नाना स्व० अन्दू यादव को तीन पुत्र — स्व० गुलाबी यादव, सिताबी यादव एवं प्रसादी यादव तथा एक पुत्री मंजुला देवी थीं। मंजुला देवी उनकी मां थीं।

रेखा देवी ने बताया कि उनके जन्म के महज तीन माह बाद ही उनकी मां की मृत्यु हो गई थी। इसके बाद उनके नाना स्व० अन्दू यादव एवं नानी स्व० जीवछी देवी ने उन्हें अपने पास रखकर पालन-पोषण किया। नाना-नानी की मृत्यु के बाद उनके तीनों मामाओं ने ही उनकी शादी कराई थी।

उन्होंने आरोप लगाया कि अब जब वे अपनी मां के अधिकार के हिस्से की जमीन मांग रही हैं, तो उनके मामा हिस्सा देने से साफ इंकार कर रहे हैं। इसको लेकर उन्होंने केनगर अंचलाधिकारी को आवेदन देकर न्याय दिलाने की मांग की है।

रेखा देवी ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर उन्हें उनकी मां के हिस्से की जमीन दिलाने की अपील की है। वहीं स्थानीय स्तर पर यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने