विद्यालय में छात्रा को कथित तौर पर पेशाब पिलाने का आरोप, प्रधानाध्यापक गिरफ्तार, क्षेत्र में आक्रोश

केनगर/चम्पानगर: चम्पानगर थाना क्षेत्र के सिंधिया पंचायत स्थित कन्या मध्य विद्यालय सिंधिया में एक बेहद संवेदनशील और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। विद्यालय की कक्षा एक में पढ़ने वाली 7 वर्षीय छात्रा को कथित तौर पर प्रधानाध्यापक द्वारा कोल्ड ड्रिंक बताकर पेशाब पिलाने के आरोप से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला।

घटना की जानकारी मिलते ही चम्पानगर थाना पुलिस तत्काल विद्यालय पहुंची और आक्रोशित लोगों की शिकायत पर आरोपी प्रधानाध्यापक को हिरासत में लेकर थाना ले गई। बाद में पीड़िता की माता के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी शिक्षक को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, सिंधिया पंचायत के वार्ड संख्या-7 स्थित बजरंग बली टोला निवासी सीमा देवी, पति रंजन महलदार, ने अपने फर्द बयान में आरोप लगाया है कि सोमवार को उनकी 7 वर्षीय पुत्री राधिका कुमारी प्रतिदिन की तरह विद्यालय पढ़ने गई थी। सुबह करीब साढ़े नौ बजे वह अचानक रोते हुए घर पहुंची और बताया कि विद्यालय के हेडमास्टर ने उसे ठंडा पेय बताकर जबरन एक ढक्कन किसी बोतल में रखा तरल पदार्थ पिला दिया।

पीड़िता की मां के अनुसार, बच्ची ने घर आकर कहा कि "हेडमास्टर साहब बोले कि यह ठंडा है, पीकर देखो" और फिर जबरन उसे पिला दिया। बच्ची की बात सुनकर परिजन तत्काल विद्यालय पहुंचे और प्रधानाध्यापक से पूछताछ की। आरोप है कि इस दौरान प्रधानाध्यापक ने परिजनों के साथ गाली-गलौज कर उन्हें वहां से भगा दिया।

परिजनों का दावा है कि बच्ची ने एक बोतल की ओर इशारा कर कहा कि उसी में वह पदार्थ रखा हुआ है। जब परिजनों ने बोतल को सूंघा तो उसमें पेशाब जैसी दुर्गंध महसूस हुई। इसके बाद तत्काल डायल 112 पर सूचना देकर पुलिस को बुलाया गया।

मामले में पुलिस ने सीमा देवी के फर्द बयान पर चम्पानगर थाना कांड संख्या-69/2026 दर्ज किया। आरोपी प्रधानाध्यापक की पहचान श्रीनगर थाना क्षेत्र के खुट्टी धुनैली गांव निवासी स्वर्गीय धरम लाल राय के 55 वर्षीय पुत्र नंद किशोर राय के रूप में हुई है। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

हालांकि आरोपी शिक्षक नंद किशोर राय ने अपने ऊपर लगे आरोपों को पूरी तरह निराधार और बेबुनियाद बताया है।

इस संबंध में थानाध्यक्ष अनुपम राज ने बताया कि बच्ची की मां के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि जब्त किए गए संदिग्ध पदार्थ की जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद क्षेत्र में लोगों के बीच रोष का माहौल है और लोग मामले की निष्पक्ष जांच तथा दोषी पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने