पोठिया रामपुर पंचायत में सरपंच जावेद अशरफ ने लगाया जनता दरबार, सात मामलों में पांच का हुआ निष्पादन



केनगर (पूर्णिया)। केनगर प्रखंड क्षेत्र के पोठिया रामपुर पंचायत में पंचायत स्तर पर आमजन की समस्याओं के समाधान को लेकर सरपंच जावेद अशरफ की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में पंचायत के विभिन्न वार्डों से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे और अपनी शिकायतें दर्ज कराईं।

जनता दरबार में लोगों ने सामाजिक, आपसी विवाद एवं अन्य स्थानीय समस्याओं से जुड़े मामलों को रखा। सरपंच जावेद अशरफ ने सभी फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा जिन मामलों का समाधान पंचायत एवं सामाजिक स्तर पर संभव था, उनका मौके पर ही त्वरित निष्पादन किया गया। वहीं गंभीर एवं प्रशासनिक स्तर के मामलों को संबंधित अधिकारियों के समक्ष भेजने की प्रक्रिया अपनाई गई।

जानकारी के अनुसार जनता दरबार में कुल सात मामले सामने आए, जिनमें से पांच मामलों का सफलतापूर्वक समाधान कर दिया गया। जबकि भूमि विवाद से जुड़े दो मामलों में दोनों पक्षों को आपसी सौहार्द एवं शांति बनाए रखने की सलाह देते हुए आगे की कार्रवाई के लिए प्रखंड मुख्यालय भेजा गया।

इस दौरान पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि जनता दरबार का मुख्य उद्देश्य लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान कर प्रशासन और आम जनता के बीच समन्वय स्थापित करना है, ताकि लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए भटकना न पड़े।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने