केनगर (पूर्णिया)। केनगर बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (सीडीपीओ) अमृता वर्मा ने मंगलवार को बाल विकास परियोजना के तहत संचालित विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्रों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अन्नप्राशन दिवस उर्फ मुंहजुठी कार्यक्रम का भी निरीक्षण किया।
इसी क्रम में परोरा पंचायत स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-217 में आयोजित अन्नप्राशन दिवस कार्यक्रम में सीडीपीओ अमृता वर्मा ने एक दूधमुंहे शिशु को अपने हाथों से हलुआ खिलाकर अन्नप्राशन संस्कार कराया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों एवं माताओं को संतुलित पोषण और शिशुओं के स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया।
सीडीपीओ अमृता वर्मा ने बताया कि प्रत्येक माह की 19 तारीख को अन्नप्राशन दिवस मनाया जाता है। इस कार्यक्रम के तहत छह माह के बच्चों को पहली बार ठोस आहार खिलाने की शुरुआत की जाती है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों में कुपोषण की समस्या को दूर करना तथा शिशुओं के बेहतर स्वास्थ्य और पोषण को बढ़ावा देना है।
उन्होंने कहा कि शुरुआती उम्र में सही पोषण मिलने से बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। इस अवसर पर महिला पर्यवेक्षिका नेहा कुमारी, सेविका बिंदु देवी, सहायिका सरिता कुमारी समेत पोषक क्षेत्र की कई महिलाएं उपस्थित रहीं।
"खबर हर पल"