सीमांचल-कोसी समेत कई जिलों में मौसम अलर्ट जारी, तेज आंधी-बारिश और वज्रपात की चेतावनी

पूर्णिया/पटना: बिहार के सीमांचल एवं कोसी क्षेत्र सहित कई जिलों के लिए मौसम विभाग ने तात्कालिक चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार अररिया, भागलपुर, कटिहार, खगड़िया, किशनगंज, मधेपुरा, मुंगेर, पूर्णिया, सहरसा और सुपौल जिले के कुछ हिस्सों में अगले दो से तीन घंटे के भीतर मौसम अचानक बदल सकता है।

मौसम विभाग ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में मध्यम दर्जे की मेघ गर्जन, वज्रपात और वर्षा के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की प्रबल संभावना है। अचानक मौसम खराब होने से जनजीवन प्रभावित हो सकता है।

प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा है कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के आसपास जाने से बचें। किसानों और आम नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर रहने तथा अत्यंत आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलने की सलाह दी गई है।

विभाग ने विशेष रूप से वज्रपात के दौरान खुले स्थानों पर मोबाइल फोन के उपयोग से बचने और तालाब, नदी सहित जलाशयों से दूर रहने की सलाह दी है। तेज हवाओं के कारण कमजोर निर्माण, होर्डिंग्स और पेड़ों को नुकसान पहुंचने की आशंका भी जताई गई है।

मौसम विभाग ने कहा कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और लोगों से आधिकारिक मौसम अपडेट पर ध्यान देने की अपील की गई है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने