केनगर (पूर्णिया)। केनगर प्रखंड अंतर्गत बिठनौली पश्चिम पंचायत में पैक्स उपचुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। गुरुवार को नामांकन के अंतिम दिन अध्यक्ष पद के लिए दो अभ्यर्थियों ने केनगर प्रखंड कार्यालय पहुंचकर अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इनमें एक महिला उम्मीदवार संजु देवी एवं एक पुरुष उम्मीदवार पवन कुमार शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार करीब तीन वर्ष पूर्व पैक्स अध्यक्ष के निधन के बाद यह पद रिक्त हो गया था। लंबे समय से अध्यक्ष पद खाली रहने के कारण पंचायत में उपचुनाव कराया जा रहा है। अब चुनावी प्रक्रिया शुरू होने के साथ क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां भी तेज हो गई हैं।
प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ आशीष कुमार ने बताया कि नामांकन की प्रक्रिया 20 एवं 21 मई 2026 को संपन्न की गई। नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी 22 से 24 मई तक की जाएगी, जबकि 26 मई को उम्मीदवारों के बीच चुनाव चिह्न का आवंटन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि पैक्स उपचुनाव के तहत मतदान एवं मतगणना 3 जून 2026 को एक ही दिन संपन्न कराई जाएगी। चुनाव को लेकर प्रशासनिक तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं। वहीं, दो उम्मीदवारों के मैदान में आने के बाद पंचायत में चुनावी माहौल गर्म होने लगा है।