पूर्णिया में हर शुक्रवार होगा ‘नो व्हीकल डे’, डीएम ने जारी किया निर्देश

पूर्णिया: ईंधन संरक्षण, सरकारी खर्च में कमी तथा पर्यावरण सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी पूर्णिया ने प्रखंड स्तर सहित सभी सरकारी विभागों के सरकारी वाहनों के सीमित उपयोग को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इस संबंध में जिला पदाधिकारी द्वारा 17 मई 2026 को निर्गत पत्रांक 1738 के माध्यम से आदेश जारी किया गया है।

जारी निर्देश के अनुसार अब प्रत्येक शुक्रवार को सभी सरकारी कार्यालयों में ‘नो व्हीकल डे’ मनाया जाएगा। इस पहल का मुख्य उद्देश्य अनावश्यक वाहन उपयोग को कम करना, ईंधन की बचत करना तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

डीएम ने निर्देश दिया है कि जिला स्तरीय बैठकों का आयोजन अधिक से अधिक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया जाए, ताकि सरकारी वाहनों की आवश्यकता कम हो सके। इसके साथ ही अधीनस्थ अधिकारियों को कार्यालय आने-जाने के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों, सार्वजनिक परिवहन तथा कार पूलिंग व्यवस्था अपनाने की सलाह दी गई है।

वहीं अधिकारियों और कर्मियों को प्रत्येक शुक्रवार सार्वजनिक परिवहन, साइकिल अथवा पैदल कार्यालय आने-जाने के लिए प्रेरित किया गया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि अत्यावश्यक कार्यों की स्थिति में ही सरकारी वाहनों का उपयोग किया जाएगा।

इसके अलावा सरकारी वाहनों के समुचित रखरखाव एवं समय-समय पर सर्विसिंग सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया है। प्रशासन का मानना है कि इस पहल से न केवल सरकारी व्यय में कमी आएगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी सकारात्मक प्रभाव देखने को मिलेगा।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने