केनगर, पूर्णिया।
मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बुधवार दोपहर बाद केनगर प्रखंड मुख्यालय स्थित बीस सूत्री भवन में जनता दल यूनाइटेड (जदयू) कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी 19 जून को पूर्णिया के कला भवन में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह के संभावित आगमन को लेकर तैयारियों की समीक्षा एवं कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश देना था।
बैठक की अध्यक्षता जदयू प्रखंड अध्यक्ष सुबोध मेहता ने की। इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेता सुनील मेहता एवं प्रखंड अध्यक्ष सुबोध मेहता ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों तथा विकसित भारत के संकल्प पर विस्तार से प्रकाश डाला।
वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों के दौरान देश ने विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत संरचना, डिजिटल क्रांति, आत्मनिर्भरता तथा वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य किया गया है, जिससे आम लोगों के जीवन स्तर में सुधार आया है।
बैठक में आगामी 19 जून को सुबह 11 बजे पूर्णिया के कला भवन में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह के आगमन पर उनका भव्य स्वागत करने का निर्णय लिया गया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में कार्यक्रम में भाग लेने तथा आयोजन को सफल बनाने का संकल्प लिया।इस अवसर पर बिठनौली पश्चिम पंचायत के पूर्व मुखिया भवेन्द्र उर्फ बबलू महतो, जगनी पंचायत अध्यक्ष नवीन कुमार मंडल, बमबम झा, पूर्व प्रखंड अध्यक्ष उदय शुक्ला, रमेश पोद्दार, मो. मुर्तजा आलम सहित प्रखंड एवं पंचायत स्तर के अनेक जदयू कार्यकर्ता उपस्थित थे।
बैठक के अंत में संगठन की मजबूती, सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा आगामी कार्यक्रम को सफल बनाने को लेकर कार्यकर्ताओं से सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की गई।