चम्पानगर/केनगर। नगर पंचायत चम्पानगर में कचरा निस्तारण की समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। लंबे समय से नगर पंचायत प्रशासन द्वारा कचरा निस्तारण के लिए उपयुक्त भूमि उपलब्ध कराने की मांग की जा रही थी। इसी क्रम में बुधवार को केनगर अंचलाधिकारी दिवाकर कुमार ने राजस्व विभाग की टीम के साथ नगर पंचायत क्षेत्र का निरीक्षण कर कचरा प्रबंधन से संबंधित विभिन्न परियोजनाओं के लिए भूमि चिन्हित की।
निरीक्षण के दौरान अंचलाधिकारी दिवाकर कुमार के साथ अंचल अमीन नित्यानंद कुमार एवं राजस्व कर्मचारी रंजन शोनी मौजूद रहे। वहीं नगर पंचायत चम्पानगर के कार्यपालक पदाधिकारी सुमन सौरभ तथा नगर पंचायत कर्मी अमित कुमार भी निरीक्षण में शामिल हुए।
अधिकारियों की टीम ने नगर पंचायत क्षेत्र का भ्रमण कर दो अलग-अलग स्थानों पर कचरा निस्तारण से जुड़ी परियोजनाओं के लिए भूमि का चयन किया। जानकारी के अनुसार, कालीबाड़ी-रामनगर रोड में 1.30 एकड़ भूमि कम्पोस्ट प्लांट की स्थापना के लिए चिन्हित की गई है। वहीं चम्पानगर के खर्रा घाट रोड स्थित भारत गैस गोदाम के समीप 0.25 एकड़ भूमि को मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) सेंटर के लिए चयनित किया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि इन दोनों परियोजनाओं के शुरू होने से नगर पंचायत क्षेत्र में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को सुदृढ़ करने में मदद मिलेगी। इससे कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण, पुनर्चक्रण एवं स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने का मार्ग प्रशस्त होगा।
हालांकि, नगर पंचायत क्षेत्र में सेनेटरी लैंडफिल फैसिलिटी के लिए अभी भी लगभग 2.50 एकड़ अतिरिक्त भूमि की आवश्यकता है। इसके लिए प्रशासन द्वारा नगर पंचायत क्षेत्र में उपलब्ध सरकारी जमीनों की तलाश की जा रही है। उपयुक्त भूमि मिलने के बाद कचरा निस्तारण की समग्र व्यवस्था विकसित करने की दिशा में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों का मानना है कि कचरा प्रबंधन के लिए भूमि चिन्हित होने से नगर पंचायत क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूती मिलेगी तथा भविष्य में कचरा निस्तारण से जुड़ी समस्याओं का स्थायी समाधान संभव हो सकेगा।