हथियार के बल पर घर में घुसकर महिला से दुष्कर्म का आरोप, प्राथमिकी दर्ज



केनगर (पूर्णिया)। केनगर थाना क्षेत्र के बेला-रिकाबगंज पंचायत अंतर्गत जोका जलमड़ई टिकोर टोला में एक महिला के साथ कथित रूप से हथियार के बल पर दुष्कर्म किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़िता के आवेदन पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 32 वर्षीय पीड़िता ने केनगर थाना में दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि 12 एवं 13 जून 2026 की मध्यरात्रि करीब एक बजे गांव के ही एक युवक ने दो अज्ञात व्यक्तियों के साथ उसके घर में घुसकर घटना को अंजाम दिया। महिला ने आरोप लगाया है कि अज्ञात व्यक्तियों ने उसके पति और बच्चों को हथियार दिखाकर भयभीत कर काबू में कर लिया, जबकि मुख्य आरोपित ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। महिला के अनुसार, दूसरे व्यक्ति ने भी दुष्कर्म का प्रयास किया, लेकिन बच्चों के शोर मचाने पर सभी आरोपित मौके से फरार हो गए।

पीड़िता ने अपने आवेदन में यह भी उल्लेख किया है कि आरोपित पिछले लगभग एक माह से उस पर गलत नजर रखता था तथा जबरन घर में घुसकर अभद्र व्यवहार करने का प्रयास करता रहा था। विरोध करने पर उसके परिजनों द्वारा धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया गया है।

महिला ने बताया कि इससे पूर्व 5 जून की रात भी आरोपित अपने कुछ साथियों के साथ उसके घर पहुंचा था। उस दौरान भी कथित रूप से उसके साथ अभद्रता करने का प्रयास किया गया था, लेकिन ग्रामीणों के जुटने पर आरोपित भागने लगे। महिला का आरोप है कि उस समय मुख्य आरोपित को पकड़ लिया गया था, किंतु उसके परिजन पहुंचकर मारपीट करते हुए उसे छुड़ा ले गए थे। बाद में पंचायत के माध्यम से मामले के समाधान का आश्वासन दिया गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

घटना के संबंध में पीड़िता ने गांव के ही शाहिद आलम उर्फ बूधु सहित उसके कई परिजनों पर मारपीट, धमकी और दुष्कर्म से जुड़े आरोप लगाए हैं।

इस संबंध में केनगर थानाध्यक्ष अजय कुमार अजनवी ने बताया कि पीड़िता के आवेदन के आधार पर 13 जून को केनगर थाना कांड संख्या 179/2026 दर्ज कर लिया गया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है तथा पुलिस द्वारा सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने