केनगर (पूर्णिया)। केनगर थाना क्षेत्र के झुन्नी कला पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या-8 स्थित लक्ष्मीपुर डंगराहा बहियार में गुरुवार की सुबह एक युवक का शव गम्हार के पेड़ से फंदे के सहारे लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। सूचना पर पहुंची केनगर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान झुन्नी कला पंचायत के वार्ड संख्या-13 स्थित झुन्नी कला मुसहरी टोला निवासी किशनदेव ऋषि के 32 वर्षीय पुत्र सिंटू कुमार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि सिंटू कुमार शादीशुदा था और उसके तीन बच्चे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब पांच बजे जब लोग गांव से बाहर खेतों की ओर जा रहे थे, तभी उनकी नजर गम्हार के पेड़ से लटक रहे युवक के शव पर पड़ी। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल केनगर थाना पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतरवाकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की तथा पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के परिजनों ने बताया कि सिंटू कुमार पिछले कई वर्षों से मानसिक बीमारी से पीड़ित था। उसका लगभग तीन से चार वर्षों से पूर्णिया के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। परिजनों के अनुसार वह अक्सर मानसिक तनाव में रहता था। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि मानसिक परेशानी के कारण उसने यह कदम उठाया हो।
हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। केनगर थानाध्यक्ष अजय कुमार अजनवी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है। ग्रामीण भी इस घटना से स्तब्ध हैं।