चम्पानगर, पूर्णिया। चम्पानगर थाना क्षेत्र के सिंधिया पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या-12 स्थित डम्हैली आदिवासी गांव में गुरुवार दोपहर भू-विवाद को लेकर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। पैतृक जमीन के विवाद में सगे जीजा ने अपनी शाली की बांस की भुथ्थी से वार कर निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव और दहशत का माहौल व्याप्त हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार दोपहर करीब 1:30 बजे डम्हैली गांव निवासी श्यामलाल सोरेन की 40 वर्षीय पत्नी चुरकी देवी पूजा सामग्री लेकर किसी धार्मिक स्थल पर पूजा करने के लिए घर से निकली थीं। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे उनके जीजा बिटका सोरेन ने अचानक उन पर बांस की भुथ्थी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर पर कई बार किए गए वार से चुरकी देवी गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ीं और उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही चम्पानगर थाना पुलिस फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने कई महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए तथा हत्या में प्रयुक्त बांस की भुथ्थी को आरोपी के घर से बरामद कर लिया। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी बिटका सोरेन (45 वर्ष), पिता स्व. लक्खी सोरेन को गिरफ्तार कर लिया।
बताया जाता है कि मृतका सात बहनों में छठे स्थान पर थीं और परिवार में कोई भाई नहीं होने के कारण पैतृक संपत्ति का बंटवारा सातों बहनों के बीच किया गया था। करीब पांच वर्ष पूर्व चुरकी देवी ने अपने हिस्से की मौजा डम्हैली स्थित लगभग 17 कट्ठा जमीन अपने चौथे नंबर के जीजा बिटका सोरेन को सुदभरना (बंधक) पर दी थी।
परिजनों के अनुसार हाल ही में चुरकी देवी ने कर्ज चुकाने के लिए धन की व्यवस्था कर ली थी और जमीन वापस लेने के उद्देश्य से अपने जीजा को राशि लौटाने पहुंची थीं। लेकिन आरोपी ने रुपये लेने से इनकार करते हुए जमीन को अपना बताना शुरू कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। मामले को लेकर गांव में कई बार पंचायत भी हुई, जिसमें आरोपी बिटका सोरेन को दोषी पाया गया था। पंचायत के पंचों ने पीड़िता को न्यायालय का सहारा लेने की सलाह भी दी थी।
इधर घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस निरीक्षक जय प्रकाश सिंह तथा श्रीनगर थानाध्यक्ष अमर कुमार भी सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने मृतका के परिजनों को निष्पक्ष जांच और उचित न्याय दिलाने का भरोसा दिया।
पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच पूर्णिया भेज दिया है। मामले को लेकर चम्पानगर थाना के अपर थानाध्यक्ष मुक्तेश्वर राय ने बताया कि घटना के संबंध में अभी तक लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। हालांकि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
इस घटना के बाद डम्हैली गांव में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने आरोपी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है।