केनगर, पूर्णिया। केनगर थाना क्षेत्र के झुन्नी कला पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या-3 स्थित बलुआ गांव में एक 19 वर्षीय विवाहिता का शव घर के बंद कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में सिलिंग पंखे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना शनिवार रात की बताई जा रही है। जहां ससुराल पक्ष इसे आत्महत्या का मामला बता रहा है, वहीं मायके पक्ष ने दहेज के लिए हत्या किए जाने का गंभीर आरोप लगाया है।
घटना की सूचना मिलने पर रविवार सुबह केनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से विभिन्न साक्ष्य जुटाने के बाद शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच पूर्णिया भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मृतका की पहचान बलुआ गांव निवासी रवि कुमार महलदार की 19 वर्षीय पत्नी मधु कुमारी के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना के समय मधु कुमारी घर में अकेली थी। उसका पति रोजी-रोटी के लिए दूसरे प्रदेश में रहकर काम करता है, जबकि सास-ससुर मलमास मेला देखने राजगीर गए हुए थे।
ग्रामीणों के अनुसार शनिवार रात मधु कुमारी ने किसी से मोबाइल फोन पर बातचीत की थी। इसके बाद रविवार सुबह उसका शव घर के कमरे में सिलिंग पंखे से फंदे के सहारे लटका हुआ पाया गया। घटना की खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।
बताया जाता है कि रवि कुमार महलदार ने गांव के ही कमल महलदार की पुत्री मधु कुमारी से अंतरजातीय विवाह किया था। विवाह के बाद दोनों परिवारों और लड़का पक्ष के कुछ लोगों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई थी।
मृतका के मायके पक्ष ने दहेज को लेकर प्रताड़ित करने और हत्या कर शव को आत्महत्या का रूप देने का आरोप लगाया है। इस संबंध में मृतका के परिजनों द्वारा केनगर थाना में लिखित शिकायत दी गई है।
थानाध्यक्ष अजय कुमार अजनवी ने बताया कि मृतका के मायके पक्ष की ओर से दिए गए आवेदन में ससुराल पक्ष के करीब एक दर्जन लोगों पर हत्या का आरोप लगाया गया है। आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तथा मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।
उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस घटना से जुड़े सभी तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर अनुसंधान कर रही है।
घटना के बाद गांव में शोक और तनाव का माहौल बना हुआ है, जबकि पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।