केनगर, पूर्णिया। आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं विधि-व्यवस्था के अनुरूप संपन्न कराने के उद्देश्य से केनगर प्रखंड क्षेत्र में बुधवार को पुलिस-प्रशासन द्वारा व्यापक फ्लैग मार्च निकाला गया। प्रखंड विकास पदाधिकारी, पुलिस इंस्पेक्टर जयप्रकाश सिंह तथा थानाध्यक्ष अजय कुमार अजनवी के संयुक्त नेतृत्व में आयोजित इस फ्लैग मार्च में बड़ी संख्या में पुलिस बल एवं दंगा नियंत्रण बल के जवान शामिल हुए।
फ्लैग मार्च के माध्यम से प्रशासन ने आम नागरिकों से आपसी भाईचारा, अमन-चैन एवं सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की। अधिकारियों ने स्पष्ट संदेश दिया कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह, उपद्रव अथवा कानून-व्यवस्था भंग करने की कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे तत्वों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार फ्लैग मार्च की शुरुआत केनगर थाना परिसर से की गई। इसके बाद पुलिस वाहनों का काफिला एवं पैदल मार्च बनभाग, मुगल टोली, आदमपुर, गणेशपुर, काझा, काझा कॉलोनी, बैरगाछी, इस्लामपुर, बनिया पट्टी, अलीनगर तथा गोकुलपुर सहित कई संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों से होकर गुजरा।
मार्च के दौरान पुलिस वाहन पर लगे लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों को शांति बनाए रखने, प्रशासनिक निर्देशों का पालन करने तथा सामाजिक सौहार्द कायम रखने का संदेश लगातार प्रसारित किया जाता रहा। साथ ही लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई। फ्लैग मार्च को लेकर स्थानीय लोगों में सुरक्षा की भावना देखने को मिली।
प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा कि मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं तथा क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता एवं आपसी भाईचारे की परंपरा को कायम रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
Tags
न्यूज़