केनगर, पूर्णिया। केनगर थाना पुलिस ने संध्या गश्ती के दौरान शराब के नशे में हंगामा कर रहे एक युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में शराबबंदी कानून के प्रति सख्ती का संदेश गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार की शाम केनगर थाना पुलिस नियमित संध्या गश्ती पर थी। इसी दौरान पुलिस को एक युवक के शराब के नशे में उत्पात मचाने की सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए युवक को हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तार युवक को थाना लाने के बाद उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया। जांच में युवक द्वारा अत्यधिक मात्रा में शराब सेवन किए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की गई।
केनगर थानाध्यक्ष अजय कुमार अजनवी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित की पहचान थाना क्षेत्र के गणेशपुर पंचायत अंतर्गत गणेशपुर गांव निवासी असरारुल के 28 वर्षीय पुत्र मो. रईश के रूप में हुई है। मेडिकल जांच में शराब पीने की पुष्टि होने के बाद उसे सोमवार को न्यायिक हिरासत में पूर्णिया भेज दिया गया।
थानाध्यक्ष ने कहा कि बिहार में लागू शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की गश्ती टीम क्षेत्र में सतत निगरानी रख रही है तथा शराब के सेवन, बिक्री और तस्करी से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।
स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अभियान से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी और शराबबंदी कानून का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित होगा।