केनगर, पूर्णिया। केनगर प्रखंड के जगनी पंचायत अंतर्गत सौराहा गांव स्थित महर्षि मेंही संतमत आश्रम के नियमित संचालन, विकास एवं विधि-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से आश्रम परिसर में समिति पुनर्गठन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अखिल भारतीय महासभा के सदस्य सह जदयू प्रखंड अध्यक्ष एवं गोकुलपुर निवासी सुबोध मेहता ने की।
बैठक में आश्रम के संचालन और भविष्य की विकास योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित श्रद्धालुओं एवं सदस्यों ने सर्वसम्मति से पुरानी समिति को भंग कर नई कार्यकारिणी समिति के गठन का निर्णय लिया। नई समिति से आश्रम के धार्मिक, सामाजिक एवं आध्यात्मिक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करने की उम्मीद जताई गई।
सर्वसम्मति से लिए गए निर्णय के अनुसार पूर्व मुखिया भोला प्रसाद यादव को समिति का अध्यक्ष मनोनीत किया गया। वहीं कैलाश मेहता को उपाध्यक्ष, सुखदेव साह को सचिव तथा मनोज कुमार मेहता को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके अलावा आश्रम एवं सत्संग मंदिर के कई सक्रिय श्रद्धालुओं को समिति का सदस्य बनाया गया।
नई समिति के गठन के बाद श्रद्धालुओं ने गुरु महाराज की आरती कर आश्रम की उन्नति एवं क्षेत्र में शांति, सद्भाव और आध्यात्मिक वातावरण बनाए रखने की कामना की। इसके उपरांत उपस्थित श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।
बैठक में वर्तमान मुखिया मंगल ऋषि, संजय कुमार सिंह, मनोहर मेहता, प्रदीप मिस्त्री, लक्ष्मण मुनि, निरंजन कुमार मेहता, शंभु प्रसाद यादव, महेंद्र साह, श्यामानंद मेहता, युगल किशोर मेहता, दयानंद मेहता, शिव नारायण मेहता, सदानंद मेहता, उर्मिला देवी, गायत्री देवी, सुदामा देवी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
नई समिति के गठन पर उपस्थित लोगों ने आशा व्यक्त की कि आश्रम के धार्मिक कार्यक्रमों, सत्संग गतिविधियों एवं जनकल्याणकारी कार्यों को नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी, जिससे क्षेत्र में आध्यात्मिक चेतना का विस्तार होगा।