केनगर (पूर्णिया): केनगर प्रखंड क्षेत्र की बिठनोली पूरब पंचायत के सबूतर गांव में नाला नहीं होने के कारण मुख्य सड़क पर जलजमाव की गंभीर समस्या बनी हुई है। बारिश के मौसम में सड़क पर पानी भर जाने से ग्रामीणों एवं राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने शीघ्र नाला निर्माण कराने की मांग की है।
ग्रामीण सह समाजसेवी मो. शाहिल उर्फ बबलू ने बताया कि पिछले लगभग पांच वर्षों से बारिश के दौरान सबूतर गांव की मुख्य सड़क पर जलजमाव की स्थिति बनी रहती है। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण के समय पर्याप्त मिट्टी भरकर उसकी ऊंचाई नहीं बढ़ाई गई और सड़क किनारे नाला का निर्माण भी नहीं कराया गया। इसी कारण बरसात का पानी सड़क पर जमा हो जाता है, जिससे लोगों का आवागमन बाधित रहता है।
वहीं समाजसेवी मो. सानी आसुफता ने बताया कि एसएच-65 काझा कोठी से बैरगाछी होते हुए सबूतर झंडा चौक तक लगभग 3.4 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण वर्ष 2020 में करीब 63 लाख रुपये की लागत से संवेदक सारिका देवी द्वारा कराया गया था। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण योजना में नाला निर्माण का प्रावधान नहीं होने के कारण आज भी जल निकासी की समस्या जस की तस बनी हुई है।
ग्रामीणों के अनुसार इस जलजमाव से बिठनोली पूरब, बिठनोली पश्चिम, गणेशपुर एवं काझा पंचायत के बैरगाछी, अमचुरा, सबूतर, दरमियानी टोला, मगरिबी टोला और झंडा चौक सहित आसपास के कई इलाके प्रभावित होते हैं। सड़क पर पानी भरे रहने से बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों तथा पशुओं को आने-जाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। साथ ही टोटो, ऑटो, साइकिल, मोटरसाइकिल एवं ट्रैक्टर चालकों के लिए भी दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
ग्रामीणों ने कहा कि बरसात के दिनों में यह सड़क पूरी तरह जलमग्न हो जाती है, जिससे रोजमर्रा की गतिविधियां प्रभावित होती हैं। लोगों ने प्रशासन से जल्द स्थायी समाधान निकालने की मांग की है।
सभी ग्रामीणों की ओर से धमदाहा विधानसभा क्षेत्र की विधायक सह बिहार सरकार की मंत्री लेशी सिंह से सड़क पर जलजमाव की समस्या को देखते हुए शीघ्र नाला निर्माण कराने की मांग की गई है, ताकि लोगों को वर्षों से चली आ रही इस समस्या से राहत मिल सके।
इस अवसर पर मो. मुंतजिम, मो. समीम, मो. फिरोज, मो. सज्जाद, मो. जुबेर, मो. ओबेद, मो. शमशाद, मो. जाहिर, मो. रजा अली, मो. इजहार फौजी, मो. गुड्डू, मो. अख्तर सहित दर्जनों ग्रामीण उपस्थित रहे।