केनगर (पूर्णिया): सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र केनगर में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार एवं सिविल सर्जन डॉ. प्रमोद कनौजिया ने संयुक्त रूप से 'हब एंड स्पोक' मॉडल के तहत निःशुल्क पैथोलॉजी सेवाओं का फीता काटकर उद्घाटन किया।
इस अवसर पर बताया गया कि हब लैब में मरीजों की जांच के लिए अत्याधुनिक मशीनें एवं आधुनिक उपकरण स्थापित किए गए हैं। इस मॉडल के तहत जिले के सभी प्रखंडों से मरीजों के जांच नमूने (सैंपल) एकत्रित कर यहां जांच की जाएगी, जिससे लोगों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध जांच सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार ने कहा कि हब एंड स्पोक पैथोलॉजी लैब मॉडल के माध्यम से मरीजों को अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर ही विश्वस्तरीय एवं उन्नत जांच की सुविधा पूरी तरह निःशुल्क मिलेगी। इससे मरीजों का समय और धन दोनों की बचत होगी तथा रिपोर्ट के लिए दूर-दराज के बड़े अस्पतालों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा।
उद्घाटन के बाद जिला पदाधिकारी एवं सिविल सर्जन ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का औचक निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने लेबर रूम, एक्स-रे कक्ष, ओपीडी, इमरजेंसी, मेडिकल स्टोर, मरीजों के वार्ड, एएनएम की रूटिंग डायरी, शौचालय तथा अस्पताल परिसर की साफ-सफाई का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. भास्कर प्रसाद सिंह को स्वास्थ्य केंद्र की सभी सेवाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने तथा मरीजों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी मनीष कुमार, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के सभी कर्मी उपस्थित रहे।