केनगर, पूर्णिया। केनगर प्रखंड की जगनी पंचायत में 29 जुलाई 2026 को प्रस्तावित पैक्स उपचुनाव मतदान से ठीक एक दिन पहले स्थगित कर दिया गया। मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी को लेकर जगनी 'ए' गांव के युवा मतदाता एवं निवर्तमान पैक्स अध्यक्ष के पुत्र आशीष आनंद सहित तीन अन्य लोगों द्वारा आपत्ति दर्ज कराए जाने के बाद यह निर्णय लिया गया।
प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी मुकेश कुमार वर्मा ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि मतदाता आशीष आनंद द्वारा मतदाता सूची में आपत्ति दर्ज कराई गई है। आपत्ति पर नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि अगले आदेश तक जगनी पैक्स उपचुनाव स्थगित रहेगा।
उपचुनाव स्थगित होने की सूचना मिलते ही चुनाव मैदान में उतरे प्रत्याशियों तथा उनके समर्थकों में मायूसी छा गई। पैक्स अध्यक्ष पद के लिए सौराहा गांव निवासी मंटू कुमार, राकेश रंजन उर्फ मुरली मेहता, जयकृष्णपुर कटहा गांव निवासी महेश कुमार साह तथा जगनी 'ए' गांव निवासी विजय कुमार मेहता चुनाव मैदान में थे। वहीं 11 प्रबंधकारिणी सदस्य पदों के लिए कुल 15 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमाने की तैयारी में थे।
उल्लेखनीय है कि 29 जुलाई को सुबह 7 बजे से शाम 4:30 बजे तक मतदान होना था। इसके लिए प्राथमिक विद्यालय जगनी एवं आंगनबाड़ी केंद्र में मतदान केंद्र बनाए गए थे। प्रशासन द्वारा चुनाव की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। इस उपचुनाव में कुल 1,422 मतदाताओं को अपने मताधिकार का प्रयोग करना था, लेकिन मतदान से ठीक पहले चुनाव स्थगित होने से सभी तैयारियां फिलहाल अधर में लटक गई हैं।
अब संबंधित प्राधिकार द्वारा मतदाता सूची पर प्राप्त आपत्तियों का निस्तारण किए जाने के बाद ही उपचुनाव की नई तिथि घोषित किए जाने की संभावना है।