केनगर (पूर्णिया)। सावन माह की दूसरी सोमवारी पर केनगर प्रखंड क्षेत्र एवं नगर पंचायत चम्पानगर के विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही शिव मंदिरों में हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष गूंजते रहे। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। सावन की दूसरी सोमवारी को लेकर कई शिव मंदिर परिसरों को आकर्षक एवं भव्य तरीके से सजाया गया था।
दूसरी सोमवारी को श्रावणी महोत्सव का विशेष नजारा केनगर प्रखंड मुख्यालय स्थित शिव मंदिर, पोठिया रामपुर पंचायत के प्रसादपुर गांव स्थित बाबा अघोर नाथ शिव मंदिर, नगर पंचायत चम्पानगर के ठाकुरबाड़ी शिव मंदिर, बाबा अवधेश नाथ शिव मंदिर, विश्राम घाट स्थित बलराम कृष्ण शिव मंदिर तथा रामनगर गांव में कारी कोशी नदी तट स्थित प्राचीन चितेश्वर शिव मंदिर सहित क्षेत्र के विभिन्न शिवालयों में देखने को मिला।
इन मंदिरों में सुबह करीब चार बजे से ही महिला एवं पुरुष श्रद्धालु पूजा सामग्री लेकर पहुंचने लगे थे। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, मंदिरों में भक्तों की भीड़ बढ़ती चली गई। जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। कई जगह श्रद्धालु अपनी बारी का इंतजार करते हुए भगवान शिव के जयकारे लगाते नजर आए।
पूजा-अर्चना के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान शिव को बेलपत्र, धतूरा, अक्षत, फूल, धूप और अगरबत्ती अर्पित कर सुख-समृद्धि एवं परिवार की खुशहाली की कामना की। दूसरी सोमवारी होने के कारण मंदिरों में पूजा-अर्चना एवं जलाभिषेक का सिलसिला दोपहर तक जारी रहा।
श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए संबंधित थाना पुलिस की ओर से विभिन्न शिव मंदिरों में सुरक्षा एवं भीड़ नियंत्रण के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। पुलिसकर्मी मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में व्यवस्था बनाए रखने में जुटे रहे। मंदिर समितियों एवं स्थानीय लोगों की ओर से भी श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं।
केवल प्रखंड मुख्यालय एवं प्रमुख शिवालयों में ही नहीं, बल्कि ग्रामीण इलाकों में स्थित छोटे-बड़े शिव मंदिरों में भी दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने पहुंचती रही। कई श्रद्धालु परिवार के साथ मंदिर पहुंचे, जबकि बड़ी संख्या में महिलाओं ने सुबह-सुबह पूजा-अर्चना कर सावन सोमवारी का व्रत एवं धार्मिक अनुष्ठान पूरा किया।
सावन की दूसरी सोमवारी को लेकर पूरे केनगर प्रखंड एवं नगर पंचायत चम्पानगर क्षेत्र में दिनभर भक्ति और आस्था का माहौल बना रहा। मंदिरों में गूंजते हर-हर महादेव के जयघोष और श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़ से पूरा क्षेत्र शिवमय नजर आया।