के. नगर (पूर्णिया)। पूर्णिया जिले के के. नगर प्रखंड अंतर्गत गोकुलपुर पंचायत से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पंचायत के वर्तमान मुखिया नीरज मेहता पर एक स्थानीय किसान परिवार ने जमीन जबरन अपने नाम लिखवाने का दबाव बनाने, विरोध करने पर जानलेवा हमला करने तथा ₹50 लाख की रंगदारी मांगने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल है, जबकि पीड़ित परिवार न्याय की गुहार लगा रहा है।
पीड़ित गुजन कुमार ने बताया कि उनकी बहन के नाम पर दर्ज जमीन पर मुखिया नीरज मेहता की लंबे समय से नजर थी। आरोप है कि जब परिवार ने जमीन देने से इनकार कर दिया तो मुखिया अपने कुछ सहयोगियों के साथ पहुंचे और उनके साथ मारपीट की। पीड़ित का आरोप है कि इस दौरान लोहे की रॉड से उनके सिर पर हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।गुजन कुमार का कहना है कि मारपीट के दौरान आरोपितों ने धमकी देते हुए कहा कि या तो जमीन उनके नाम कर दी जाए, अन्यथा ₹50 लाख की रंगदारी दी जाए, नहीं तो पूरे परिवार को जान से मार दिया जाएगा। पीड़ित का दावा है कि इस हमले में वह बाल-बाल बच गए।
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने के. नगर थाना पहुंचकर लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की। हालांकि, उनका आरोप है कि कई दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस ने अब तक मुख्य आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज नहीं की है। पीड़ित परिवार का कहना है कि पुलिस की निष्क्रियता के कारण आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और लगातार उन्हें धमकियां दी जा रही हैं, जिससे पूरा परिवार भय के माहौल में जीवन बिता रहा है।
स्थानीय स्तर पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से निराश पीड़ित परिवार ने अब पूर्णिया के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) एवं जिलाधिकारी (डीएम) से मामले में हस्तक्षेप की मांग की है। पीड़ितों ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, आरोपित मुखिया और उनके सहयोगियों के विरुद्ध शीघ्र प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए तथा पीड़ित परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए।